देहरादून: उत्तराखंड के साल 2016 के चर्चित स्टिंग ऑपरेशन का मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है. सुर्खियों की वजह सीबीआई यानी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन का पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को बुलावा है. सीबीआई ने हरीश रावत को स्टिंग प्रकरण में नोटिस भेजा है. ऐसे में अब हरीश रावत को सीबीआई के सामने पेश होना होगा. जिस पर हरीश रावत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.
पूर्व सीएम हरीश रावत को सीबीआई ने भेजा नोटिस: पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सीबीआई की ओर से मिले नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लंबे समय बाद फिर सीबीआई के दोस्तों को मेरी याद आई है. साथ ही कहा कि वो सीबीआई के सामने पेश हो जाएंगे, लेकिन उन्हें समय चाहिए. इसके लिए उन्होंने अक्टूबर का समय मांगा है. वहीं, सीबीआई के नोटिस मिलने पर उन्होंने बीजेपी सरकार पर भी हमला बोला है.
पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि ‘जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, मुझे सीबीआई का नोटिस मिलता है. आमतौर पर लगभग एक साल पहले इस तरह से नोटिस मिलता है. इस बार भी जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे मुझे फिर से एक नोटिस मिला है.’ हरीश रावत ने आगे कहा कि ‘मैं अक्सर कहता हूं कि अब मुझमें ताकत नहीं रही, लेकिन लगता है सरकार और सीबीआई को अब भी मुझमें ताकत दिख रही है. इसलिए उन्होंने मेरे घर नोटिस भेजा है.‘







