रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. वीडियो में कुछ स्ट्रीट डॉग्स (आवारा कुत्ते) एक चीतल पर हमला करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो रामनगर के ढिकुली क्षेत्र में कोसी नदी किनारे का है, जहां अचानक जंगल से भटका हुआ यह चीतल गलती से आबादी वाले इलाके में पहुंच गया. जहां कुत्ते उसे काटते दिखे. हालांकि, ग्रामीणों ने कुत्तों को खदेड़कर उसकी जान बचाई.
हिरण पर हमला करते दिखा कुत्तों का झुंड: दरअसल, जैसे ही चीतल (स्पॉटेड डियर) कोसी नदी पार करने की कोशिश करता है. वैसे ही वहां मौजूद कुछ आवारा कुत्ते उस पर टूट पड़ते हैं और उसे काटने को लेकर दौड़ लगाते हैं. कुत्तों का झुंड चीतल पर हमला कर देता है, जिससे वो खुद को बचाने के लिए नदी के उथले हिस्से में भागने की कोशिश करता है. जहां चीतल अपनी जान बचाने की जद्दोजहद कर दिया.
आवारा कुत्तों की वजह से खतरे में आ रहे वन्यजीव: स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब अक्सर देखने को मिल रही हैं. जंगलों के आसपास बढ़ती मानव बस्तियों और खुले में छोड़े गए कुत्तों की संख्या में बढ़ोतरी के कारण वन्यजीवों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ता जा रहा है.
क्या बोले वन विभाग के अधिकारी? वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ‘ऐसी घटनाओं से न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि यह जैव विविधता के लिए भी चिंता का विषय है.‘ विभाग ने अपील की है कि ‘लोग अपने पालतू जानवरों को खुले में न छोड़ें और यदि इस तरह की कोई घटना दिखे तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें.‘







