देहरादून: उत्तराखंड राज्य अपने गठन के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार और विशेष बनाने के लिए सरकार प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर से हो चुकी है, जिसके तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न विकासात्मक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे की तारीख तय
उत्तराखंड भाजपा ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब 11 नवंबर के बजाय 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड आएंगे। पीएम मोदी देहरादून पहुंचकर एफआरआई में आयोजित मुख्य आयोजन में हिस्सा लेंगे। हालांकि पीएम के दौरे से संबंधित लिखित आदेश जल्द जारी किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी करेंगी भागीदारी
राज्य स्थापना दिवस के मद्देनज़र उत्तराखंड सरकार विशेष दो दिवसीय सत्र भी आयोजित करने जा रही है। 3 नवंबर को विशेष सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के विकास की यात्रा और उपलब्धियों पर अपना संबोधन देंगी।
इस बीच शासन-प्रशासन ने प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर आयोजन स्थल तक, सभी स्तरों पर अधिकारी लगातार बैठकें कर रहे हैं।
पर्वतीय गौरव का उत्सव
उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इसी भावना के साथ सरकार पूरे नवंबर महीने को उत्सवमय बनाने की योजना पर कार्य कर रही है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, विकास कार्यों और नई संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रखा जा सके।







