देहरादून। उत्तराखंड में राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों के बीच राजधानी देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए 03 नवंबर को शहर के 20 स्कूल बंद रहेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 03 नवंबर को देहरादून दौरे पर रहेंगी, जहां वह उत्तराखंड विधानसभा में विशेष सत्र को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा इंतज़ाम कड़े कर दिए हैं। यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसलिए इन 20 स्कूलों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
किन स्कूलों में छुट्टी रहेगी, सूची शीघ्र जारी
प्रशासन के अनुसार, विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित स्कूलों को बंद रखा जा रहा है। शिक्षा विभाग जल्द ही बंद रहने वाले सभी 20 स्कूलों की पूरी सूची जारी करेगा।
राष्ट्रपति के दौरे से राजधानी में रौनक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है। विशेष सत्र के माध्यम से राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड की उपलब्धियों पर चर्चा होगी।
नोट:
अभिभावकों एवं छात्रों से अपील है कि वे शिक्षा विभाग एवं स्कूलों की ओर से जारी अपडेट पर नजर बनाए रखें, जिससे किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।







