देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान सोमवार को देहरादून पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन में नए Horse Riding Arena (घुड़सवारी एरिना) का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सेना के अधिकारियों और राज्य के उच्च पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश की रक्षा तैयारियों को मजबूत करने में सैन्य प्रशिक्षण का अहम योगदान है। घुड़सवारी जैसे पारंपरिक और बहादुरी से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम सेना के जवानों में साहस और अनुशासन को और बढ़ाते हैं।
उद्घाटन के दौरान समारोह स्थल को विशेष रूप से सजाया गया था। राष्ट्रपति मुर्मू ने शिलापट्ट का अनावरण कर इस सुविधा को राष्ट्र को समर्पित किया।
बताया जा रहा है कि यह एरिना उन्नत सुविधाओं से युक्त है, जहां सैन्यकर्मी और कैडेट घुड़सवारी का प्रशिक्षण हासिल करेंगे।
राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे के मुख्य कार्यक्रमों में से एक रहा। इसके बाद वे कई अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों में भी शामिल होंगी।







