चमोली: उच्च हिमालयी क्षेत्र बद्रीनाथ धाम में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बुधवार सुबह धाम और आसपास के इलाकों में ताज़ा बर्फबारी हुई, जिससे यहां ठंड बढ़ गई है। बर्फ की सफेद चादर में लिपटा बद्रीनाथ धाम बेहद खूबसूरत और आकर्षक नजर आ रहा है।
श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस मनमोहक नज़ारे को अपने कैमरों में कैद करते दिखे। पहाड़ों के बीच बर्फ से ढका भगवान बद्रीविशाल का मंदिर ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो किसी चित्रकार ने स्वर्ग की तस्वीर बना दी हो।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। तापमान में लगातार गिरावट से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। रास्तों पर फिसलन बढ़ने के चलते प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।







