उत्तराखंड के विशेष दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बुधवार को राष्ट्रपति हल्द्वानी से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति को विदाई दी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास, जनभागीदारी और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देने पर जोर दिया। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे।
हल्द्वानी एयरफोर्स स्टेशन पर विदाई समारोह के दौरान सेना के जवान भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के दिल्ली प्रस्थान के दौरान अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।







