गैरसैंण में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम में शामिल जनसमूह ने राष्ट्रीय ध्वज और ‘वंदे मातरम्’ लिखी बैनर तख्तियों को हाथ में लेकर नगर क्षेत्र से होकर मार्च किया। भारत माता की जयध्वनि और देशप्रेम के गीतों की धुन से माहौल देशभक्ति की भावनाओं से सराबोर रहा। प्रतिभागियों ने राष्ट्रगौरव, स्वतंत्रता और स्वाभिमान के जज़्बे को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल, राज्य मंत्री रामसिंह ऋषि जी, चमोली जिला अध्यक्ष श्री रणजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, जिला महामंत्री विक्रम बड़वाल समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण बताते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, समर्पण और सांस्कृतिक विरासत को समझने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्रभक्ति संदेशों का संकल्प लिया गया।







