थराली: चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गढ़कोट इलाके में एक बोलेरो वाहन (UK TA 2296) अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मींग गधेरा-हंसकोटी-खेनोली मोटर मार्ग पर हुआ हादसा
नारायणबगड़ थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि बोलेरो वाहन गढ़कोट लेलाछीमा तोक के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के दौरान वाहन में तीन लोग सवार थे।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस और DDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक की पहचान प्रकाश सिंह के रूप में
अस्पताल में डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान —
- प्रकाश सिंह (35 वर्ष)
पुत्र: बलबीर सिंह
निवासी: गढ़कोट, तहसील नारायणबगड़
गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों की पहचान —
- दर्शन सिंह (33 वर्ष) पुत्र पुष्कर सिंह
- विक्रम सिंह (28 वर्ष) पुत्र पुष्कर सिंह
निवासी: ग्वाड़ लगा गढ़कोट, तहसील नारायणबगड़
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि अभी दुर्घटना का सही कारण स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पहाड़ में सड़क हादसों का सिलसिला जारी
बता दें कि दो दिन पहले रुद्रप्रयाग जिले में भी केदारनाथ हाईवे पर भीरी बाजार के पास एक वाहन बेकाबू होकर खेत में गिर गया था। उसमें 6 लोग सवार थे, जिनमें दो की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
लगातार हो रहे इन हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की मांग दोहराई है।







