हरिद्वार: बीएचईएल क्षेत्र में जंगली हाथी के आबादी वाले इलाके में घुसने और एक महिला पर आक्रामक होने का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि जंगल से निकलकर हाथी भेल के रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया था। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा हाथी की वीडियो बनाए जाने से वह और अधिक उत्तेजित हो गया और वहां से गुजर रही एक महिला की ओर दौड़ पड़ा। महिला ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इसी तरह हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में भी जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर अफरा-तफरी मचाई। रविवार को तीन जंगली हाथियों का झुंड जगजीतपुर पुलिया के पास स्थित एक निजी स्कूल के नजदीक पहुंच गया। हाथियों को देखकर वहां मौजूद लोगों में भय फैल गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।
नुकसान पहुंचा रहे हैं जंगली हाथी
पहले हरिद्वार के आबादी वाले इलाकों में जंगली हाथियों की घुसपैठ तो होती थी, लेकिन नुकसान के मामले कम सामने आते थे। पिछले एक महीने से हालात बदल गए हैं। जंगली हाथी ग्रामीण इलाकों में फसलों को रौंदने और चट करने के साथ-साथ अब मकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। बिल्केश्वर कॉलोनी में हाथियों ने एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया था और एक बाइक को भी तोड़ दिया गया। वहीं राजा गार्डन कॉलोनी की एक गली में खड़ी कार को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है।
स्थायी समाधान की तैयारी में वन विभाग
वन विभाग हाथियों की बढ़ती आवाजाही और नुकसान को रोकने के लिए स्थायी योजना पर काम कर रहा है। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि बैरागी कैंप से लेकर अजीतपुर गांव तक एलीफेंट प्रूफ ट्रेंच बनाई जाएगी। इसके साथ ही समांतर रूप से सोलर फेंसिंग भी लगाई जाएगी। इस योजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और अनुमति मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रेंच और फेंसिंग के निर्माण के बाद आगामी 2027 अर्धकुंभ मेले के दौरान हाथियों की मूवमेंट से किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली हाथियों के नजदीक न जाएं, भीड़ न लगाएं और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।







