देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कथित ‘गट्टू कंट्रोवर्सी’ ने उत्तराखंड की राजनीति में सियासी तापमान लगातार बढ़ा दिया है। उर्मिला सनावर के आरोपों और वीडियो के बाद बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं। इस पूरे मामले को लेकर उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा है कि उर्मिला सनावर के मूल पति का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें यह कहा जा रहा है कि वह पैसों के लिए कुछ भी कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक विवादित महिला को आगे कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। भट्ट ने यह भी कहा था कि उर्मिला सनावर के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और उनका कोई सामाजिक अस्तित्व नहीं है। उन्होंने उर्मिला को “कांग्रेस का खिलौना” तक करार दिया था।
इस बयान के बाद 24 दिसंबर की रात उर्मिला सनावर ने महेंद्र भट्ट को लेकर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उर्मिला ने दावा किया कि महेंद्र भट्ट उन्हें जानते हैं और वे कई बार उनसे मिल चुके हैं। उर्मिला सनावर का कहना है कि महेंद्र भट्ट ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने तक का ऑफर दिया था।
वहीं, उर्मिला सनावर के बयानों पर आज 25 दिसंबर को पौड़ी में मीडिया ने एक बार फिर महेंद्र भट्ट से सवाल किए। इस पर महेंद्र भट्ट ने कहा,
“मैं जो बात कहता हूं, वह प्रामाणिकता के आधार पर कहता हूं। वह बहन पूरी तरह से कांग्रेस के हाथ में खेल रही है। उसके मूल पति के एक वीडियो के बारे में मुझे सुनने में आया है, जिसमें वह कह रहे हैं कि वह पैसों के लिए कुछ भी कर सकती है। कांग्रेस इस स्तर तक गिर जाएगी, इसकी मुझे कल्पना नहीं थी। इससे मेरा आरोप और भी पुष्ट होता है। कांग्रेस ने उत्तराखंड में अनुसूचित समाज को बदनाम करने का काम किया है। अगर मेरे बारे में उससे कुछ कहलवाया जा रहा है, तो मानकर चलिए कि उत्तराखंड का ब्राह्मण समाज भी इसे माफ करने वाला नहीं है।”
— महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड बीजेपी
बता दें कि उर्मिला सनावर ने आज 25 दिसंबर को भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने शाम 8:30 बजे फिर से लाइव आने की बात कही है। माना जा रहा है कि उर्मिला सनावर आज एक बार फिर कोई बड़ा खुलासा कर सकती हैं। ऐसे में ‘गट्टू कंट्रोवर्सी’ को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।







