डोईवाला में 24 दिसंबर को लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास मिले एक व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 27 दिसंबर को डोईवाला कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक की हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को डोईवाला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की शिनाख्त दीपक पुत्र स्वर्गीय चैतराम, निवासी ऋषिनगर, सहस्त्रधारा रोड, रायपुर देहरादून के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल देहरादून भेजा था।
इस मामले में 25 दिसंबर 2025 को मृतक की पत्नी ज्योति ने थाना रायपुर पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर में ज्योति ने बताया कि 24 दिसंबर को उसके पति दीपक उर्फ दीप्पू को भुवनेश चंद्र उर्फ जोनी, निवासी खटीक मोहल्ला, करनपुर, डालनवाला देहरादून अपने साथ ले गया था। ज्योति का आरोप है कि उसके पति की रंजिशन हत्या जोनी ने की है।
ज्योति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को इस हत्या में नाथीराम की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 दिसंबर को थानो रोड स्थित कोठारी मोहल्ला के पास, जौलीग्रांट डोईवाला क्षेत्र से दोनों आरोपियों भुवनेश चंद्र उर्फ जोनी और नाथीराम को गिरफ्तार कर लिया।
डोईवाला कोतवाली प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।







