उत्तराखंड में भले ही दिसंबर का महीना मौसम के लिहाज से अपेक्षाकृत रुखा गुजरा हो, लेकिन नए साल की शुरुआत के साथ ही मौसम करवट लेने वाला है. इससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों की भी उम्मीदें पूरी होती नजर आ रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिसके चलते कई जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग की मानें तो 31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है. नए साल पर मौसम में इस बदलाव से हिल स्टेशनों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है.
इन जिलों में बर्फबारी की संभावना
पर्वतीय जिले उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है. मौसम विभाग ने 1 जनवरी को भी पर्वतीय जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है.
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, 2 जनवरी को बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां कम हो जाएंगी, लेकिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है. वहीं, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है और हरिद्वार व उधम सिंह नगर जिलों में शीत लहर जैसी स्थिति बन सकती है.
लुढ़क सकता है पारा
मौसम में हो रहे बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. आने वाले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है.
पर्यटकों के लिए पूरी तरह तैयार उत्तराखंड
नए साल के स्वागत को लेकर उत्तराखंड पूरी तरह से तैयार नजर आ रहा है. देहरादून, मसूरी, चकराता, नैनीताल और पिथौरागढ़ जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को सजाया जा चुका है. होटल, रेस्टोरेंट, पब और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं.
ट्रैफिक मैनेजमेंट बना सबसे बड़ी चुनौती
पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए राज्य के अलग-अलग जिलों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किए गए हैं. नैनीताल और मसूरी जैसे हिल स्टेशनों पर पार्किंग की समस्या को देखते हुए शटल सेवा की व्यवस्था की गई है. भीड़ बढ़ने की स्थिति में वाहनों की एंट्री सीमित की जाएगी, ताकि जाम से बचा जा सके.
देहरादून में ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी खास
देहरादून में ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर खास तैयारी की गई है. दिल्ली और हरिद्वार से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश कराने के बजाय बाहरी मार्गों से ही आगे भेजने की योजना है. आईएसबीटी, चकराता रोड, पटेल नगर, रिस्पना पुल और राजपुर रोड जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा.
होटलों में जबरदस्त बुकिंग
पर्यटन कारोबार भी नए साल को लेकर पूरी तरह से गुलजार है. देहरादून में रेस्टोरेंट और पब में 1000 से लेकर 7,500 रुपए तक की एंट्री फीस पर बुकिंग हो चुकी है. वहीं मसूरी और नैनीताल में 5,000 से 35,000 रुपए तक के होटल कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं. करीब 90 फीसदी होटल फुल बताए जा रहे हैं.
कुल मिलाकर मौसम की मेहरबानी और प्रशासन की तैयारियों के बीच उत्तराखंड नए साल के जश्न के लिए पूरी तरह तैयार है.







