हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में सामने आए वीआईपी प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने हरिद्वार में बड़ा कैंडल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नए साल के पहले दिन शाम को वाल्मीकि चौक से हर की पैड़ी तक निकाले गए इस कैंडल मार्च में सैकड़ों कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी नेताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। मार्च में सीनियर कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह मामला अब केवल अंकिता का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा सवाल बन गया है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा नेता खुद इस मामले में अपने नेताओं के नाम खोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी, एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के बीच वायरल हुए ऑडियो में जिन वीआईपी नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी जज की निगरानी में सीबीआई जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि इन सभी का नारको टेस्ट भी कराया जाए, ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके। हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने नेताओं को बचाने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह निर्भया मामले में पूरा देश सड़कों पर उतर आया था, उसी तरह अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी जनता में भारी आक्रोश है। कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी और सरकार पर दबाव बनाती रहेगी।
भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। हालांकि पुलिस ने उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि सरकार अब भी पूरे मामले में लीपापोती कर रही है। इसी को लेकर कांग्रेस लगातार जगह-जगह धरना-प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाल रही है। पार्टी के बड़े नेता भी सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बीते दिनों पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरिद्वार के देवपुरा स्थित डीएम कैंप कार्यालय पर धरना देकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया था।
ऑडियो वायरल होने के बाद एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार जिले के अलग-अलग थानों में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक मुकदमा पहले से ही ज्वालापुर कोतवाली में दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी मुकदमों की जांच के लिए एसपी सिटी अभय सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। पुलिस की ओर से उर्मिला सनावर को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही पूर्व विधायक सुरेश राठौर के निवास पर भी नोटिस चस्पा किया गया है। पुलिस का कहना है कि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में दोनों के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
कुल मिलाकर अंकिता भंडारी हत्याकांड का वीआईपी प्रकरण एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच नहीं होती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।







