रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने अफीम की तस्करी करने वाले यूपी के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 32 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, “ड्रग फ्री देवभूमि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह कार्रवाई एक और मजबूत कदम मानी जा रही है। बीते दिन पुलिस को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर क्षेत्र में अफीम की सप्लाई होने वाली है। सूचना के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के अंतर्गत प्रीत विहार नंबर-02, बारादरी रोड तिराहे के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया तस्करचेकिंग के दौरान पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 32 ग्राम अवैध अफीम, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मौके पर ही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत आर्य पुत्र रमेश आर्य, निवासी ग्राम अंजनी, थाना सिरौली, तहसील आंवला, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यूट्यूब से सीखा नशे का कारोबार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अभियुक्त ने बताया कि वह यूट्यूब पर अफीम और नशे से जुड़े वीडियो देखकर नशा तस्करों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे अवैध रूप से अफीम का व्यापार करने लगा। पुलिस अब उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
ड्रग फ्री उत्तराखंड अभियान जारी
गौरतलब है कि उधम सिंह नगर जनपद में पुलिस ड्रग फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में नैनीताल जनपद के काठगोदाम क्षेत्र से भी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से स्मैक और कच्ची शराब बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए ऐसे तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।







