आगामी वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले को लेकर पर्यटन विभाग समेत सभी संबंधित विभाग तैयारियों में जुट गए हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। बेहतर परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निगम न केवल अपने बस बेड़े को बढ़ाने की योजना बना रहा है, बल्कि यात्रियों को आधुनिक और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।
खास बात यह है कि 2027 के कुंभ मेले के दौरान पहली बार कुंभ मेला क्षेत्र के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें यात्रियों को लाती-ले जाती नजर आएंगी। परिवहन निगम ने इसके लिए कुंभ निधि से 700 नई बसें उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है।
अब तक कुंभ मेले के दौरान परिवहन निगम की ओर से मुख्य रूप से कुंभ परिसर के बाहर ही बसों का संचालन किया जाता रहा है, ताकि अन्य राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को हरिद्वार पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर परिवहन सुविधा मिल सके। लेकिन आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने कुंभ मेला परिसर के भीतर भी बसों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत करीब 150 इलेक्ट्रिक बसों को कुंभ क्षेत्र में तैनात किए जाने की योजना है।
दरअसल, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत देहरादून और हरिद्वार शहर में 150 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव है। इसी योजना के अंतर्गत दोनों शहरों में चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अगले छह महीनों में चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिसके बाद अनुबंध के आधार पर देहरादून और हरिद्वार शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। परिवहन निगम ने इन्हीं इलेक्ट्रिक बसों को कुंभ मेले के दौरान मेला क्षेत्र के भीतर चलाने की रणनीति तैयार की है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही और अधिक सुगम हो सके।
उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने बताया कि पिछले कुंभ मेले के दौरान भी अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को कुंभ मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में बसों का संचालन किया गया था। इसी तर्ज पर आगामी कुंभ मेले में भी परिवहन निगम की ओर से बड़ी संख्या में बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में निगम की करीब 400 बसों की स्थिति काफी खराब है। इसी को ध्यान में रखते हुए कुंभ निधि से 700 नई बसें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव उत्तराखंड शासन को भेजा गया है।
रीना जोशी ने उम्मीद जताई कि जल्द ही कुंभ निधि से सहयोग मिलने पर नई बसों की खरीद की जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि 2027 के कुंभ मेले में परिवहन निगम एक नई पहल करने जा रहा है। अब तक कुंभ मेला क्षेत्र के बाहर ही परिवहन सुविधा दी जाती थी, लेकिन आगामी कुंभ मेले में मेला परिसर के भीतर भी परिवहन निगम की बसें संचालित की जाएंगी। फिलहाल 150 इलेक्ट्रिक बसों को कुंभ क्षेत्र में चलाने का निर्णय लिया गया है, हालांकि जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।







