हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में राशन वितरण में अनियमितताओं की जांच के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। ग्रामीणों को राशन न देकर केवल पर्ची थमाने और ई-केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों की जांच करने पहुंची खाद्य पूर्ति निरीक्षक के साथ महिला राशन डीलर द्वारा हाथापाई किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र की राशन डीलर सुषमा के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वह उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दे रही है। आरोप है कि राशन देने के बजाय केवल एक पर्ची थमा दी जाती थी और उपभोक्ताओं से राशन रजिस्टर पर हस्ताक्षर या अंगूठा लगवा लिया जाता था। इसके अलावा ई-केवाईसी के नाम पर प्रति राशन कार्ड ₹10 की अवैध वसूली किए जाने की भी शिकायतें सामने आई थीं।
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता लक्सर गांव स्थित राशन की दुकान पर जांच के लिए पहुंचीं। आरोप है कि निरीक्षक को अकेला देखकर राशन डीलर ने अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
स्थिति के तनावपूर्ण होने पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने तत्काल राशन की दुकान पर ताला लगवा दिया और मौके से लौटना पड़ा। इसी दौरान कुछ मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब चर्चा में है।
खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने बताया कि आरोपी राशन डीलर सुषमा के पास मिर्जापुर शादात गांव की दुकान के साथ-साथ लक्सर गांव, बसेड़ी और सैठपुर की राशन दुकानें भी अटैच हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ग्रामीणों को राशन वितरित न कर पर्ची दी जा रही थी और रजिस्टर पर उनके हस्ताक्षर व अंगूठे लिए जा रहे थे।
वहीं दूसरी ओर, राशन डीलर सुषमा ने खाद्य पूर्ति निरीक्षक पर ₹50 हजार की रिश्वत मांगने और कमीशनखोरी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि पूर्ति निरीक्षक ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।
खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।







