पिथौरागढ़ जिले के विकास खंड बेरीनाग अंतर्गत न्याय पंचायत काण्डे और विकास खंड सभागार बेरीनाग में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहु-विभागीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।
बेरीनाग में लगा सरकारी शिविर
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आधार, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों व कर्मचारियों ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि से संबंधित आवेदन मौके पर भरवाए।
जनसंवाद में उठीं मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं
शिविर के दौरान आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी व पंचायत घर निर्माण, जंगली जानवरों के आतंक, जल जीवन मिशन के अंतर्गत घटिया नलों की जांच, खेल मैदान व संपर्क मार्गों की खस्ताहाली और नगरपालिका डंपिंग जोन से हो रही दिक्कतों समेत कई मुद्दे उठाए।
पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डांगी ने सैनिक कैंटीन के लिए भूमि चयन का मुद्दा रखा। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने बेरीनाग में पेयजल संकट और महाविद्यालय को जोड़ने वाले मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई। जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की और ग्राम प्रधान उडियारी हेमा देवी ने बताया कि उडियारी में चौथे दिन पानी मिल रहा है। इस पर डीएम ने जल निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उडियारी-चौकोड़ी पेयजल योजना की जांच के आदेश दिए।
ब्लॉक प्रमुख और जनप्रतिनिधियों ने रखीं मांगें
ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल ने ग्राम पंचायत ग्वीर के भराड़ी तोक को नगरपालिका और पंचायत लाभ न मिलने की शिकायत की। सामाजिक कार्यकर्ता ललित पंत ने विकास खंड में कृषि कार्यालय संचालित न होने का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने कार्यालय को ब्लॉक में संचालित करने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान गराऊ दीप पंत ने छीड़ेश्वर पर्यटक स्थल तक सड़क सुविधा और गराऊ-हलियाजोब मोटर मार्ग की दुर्दशा की समस्या रखी।
भाजपा कार्यकर्ता मनीष पंत ने बेरीनाग बाईपास और सानीखेत-छलौड़ी मार्ग की खस्ताहाली पर ध्यान दिलाया। ग्राम प्रधान पौषा भूपाल राम ने बेरीनाग-पौषा पोस्ताला मोटर मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधान चौकोड़ी मनोज सानी ने प्रमाण पत्र न बनने और बिजली-पानी कनेक्शन न मिलने की शिकायत की। बेरीनाग, चौकोड़ी, उडियारी, देवीनगर, पौषा, शाहगराऊं, हलियाजोब और जगथली सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।
510 प्रतिभागी, 682 लाभार्थी लाभान्वित
शिविर में लगभग 510 लोगों ने प्रतिभाग किया और 682 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कुल 192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 178 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 14 शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत हो रहे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक फकीर राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल और दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







