हल्द्वानी पहुंचे कांग्रेस विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। देर शाम हल्द्वानी पहुंचे प्रीतम सिंह का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों, कानून व्यवस्था और आगामी चुनावों को लेकर कई सवाल उठाए।
“भाजपा के पास मुद्दा नहीं, सांप्रदायिक एजेंडा चल रहा”
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे विषयों को उठाकर प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की बात पूरी तरह निराधार थी। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के समय केवल एक शैक्षणिक संस्थान के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया हुई थी, जो सामान्य प्रशासनिक कार्यवाही थी।
उन्होंने कहा कि यदि भूमि का किसी प्रकार से दुरुपयोग हो रहा है, तो कार्रवाई करना वर्तमान सरकार की जिम्मेदारी है, न कि इसे चुनावी मुद्दा बनाना।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रीतम सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि खनन, शराब और भू-माफिया हावी हैं, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और युवा रोजगार के लिए सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार मौन है। उन्होंने दावा किया कि अस्थायी राजधानी देहरादून में 14 दिनों के भीतर चार हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट होती है।
महिला अपराधों को लेकर भी उन्होंने धामी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय बन चुकी है।
2027 में बदलाव का दावा
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में बदलाव तय है। टिकट वितरण को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाता है और हर पार्टी जीतने की क्षमता रखने वाले प्रत्याशी को ही टिकट देती है।
हल्द्वानी में प्रीतम सिंह के बयान से एक बार फिर प्रदेश की सियासत गरमा गई है।







