राजधानी देहरादून में लगातार तीसरे दिन जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज को ई-मेल के माध्यम से धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और पुलिस ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
धमकी की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ज्यूडिशरी के अधिकारी, कर्मचारी और वकीलों को बाहर निकाला गया। बम स्क्वॉयड और डॉग स्क्वॉयड की टीमें मौके पर पहुंचीं और चप्पे-चप्पे की जांच की गई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुबह जिला जज कार्यालय से धमकी की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस टीम पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर कराया गया। गहन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद दोबारा परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बीच अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।
कई जिलों के न्यायालयों को मिल चुकी हैं धमकियां
रविवार 16 फरवरी से ऐसे धमकी भरे ई-मेल का सिलसिला जारी है। पहले नैनीताल और उत्तरकाशी के न्यायालयों को धमकी मिली, उसके बाद पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
Haridwar
: आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षा कड़ी
हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जिला न्यायालय को भी ई-मेल के जरिए आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई थी। 18 फरवरी की सुबह बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस), डॉग स्क्वॉड और पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर में गहन जांच अभियान चलाया। न्यायाधीश के चैंबर, वकीलों के चैंबर, कार्यालय कक्षों और परिसर में खड़े वाहनों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
धमकी भरे ई-मेल में न्यायाधीश के चैंबर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था और दोपहर तक परिसर खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। साथ ही कुछ सामाजिक मुद्दों का भी उल्लेख किया गया था।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, फिलहाल जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जिले में सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां कांवड़ यात्रा, कुंभ और अर्द्धकुंभ जैसे बड़े आयोजन होते हैं। पूर्व में हरिद्वार रेलवे स्टेशन और हरकी पैड़ी को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि जांच में कोई ठोस सामग्री नहीं मिली थी।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। साइबर टीम ई-मेल के स्रोत की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।







