रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किन्नी खेड़ा रोड पर सेंट मेरी स्कूल के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर कार और टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय काशीपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
ब्रेकर पर बिगड़ा संतुलन, आमने-सामने टक्कर
काशीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत यह हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेंट मेरी स्कूल के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर अचानक संतुलन बिगड़ने से कार और टेंपो आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि दोनों वाहन किन्नी खेड़ा की ओर जा रहे थे। हादसे के समय टेंपो में तीन लोग और कार में दो लोग सवार थे।
पांचों घायल, अस्पताल में भर्ती
टक्कर के बाद सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जांच में जुटी पुलिस
काशीपुर कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि विशेषकर रात्रि के समय वाहन सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति में चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।







