देहरादून: थाना ऋषिकेश क्षेत्र में मंगलवार शाम पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत कुमार ताकवाले की सरकारी कार हादसे का शिकार हो गई। सात मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार ने आईजी की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ।
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय से लौट रहे थे आईजी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रशिक्षु उपाधीक्षकों का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आईजी अनंत कुमार ताकवाले देहरादून लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के उपरांत वह मां कुंजापुरी मंदिर में दर्शन करने भी गए थे। वापसी के दौरान देहरादून रोड पर काली मंदिर के पास विपरीत दिशा से आ रही कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आईजी की कार घूमकर दूसरी दिशा में चली गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग कार सवारों का हाल जानने दौड़ पड़े। आईजी के गनर ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना ऋषिकेश पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दूसरे वाहन की व्यवस्था कर आईजी को सुरक्षित देहरादून रवाना किया। टक्कर मारने वाली कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति भी बाल-बाल बच गए।
चालक ने मानी गलती
ऋषिकेश सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि देहरादून की ओर से आ रहे कार चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और आईजी की कार से टक्कर हो गई।
पुलिस ने आईजी की क्षतिग्रस्त कार को रानीपोखरी थाने भिजवाया है, जबकि टक्कर मारने वाली कार को कोतवाली ऋषिकेश ले जाया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







