रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड होते हुए घोड़ा पड़ाव तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि 15 मार्च तक सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर भू-स्खलन और भू-धंसाव संभावित क्षेत्रों—बांसवाड़ा, काकड़ागाड़, गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, रामपुर और मुनकटियाकृका—का जायजा लिया। उन्होंने सड़क पर पड़े मलबे को तुरंत हटाने, सिंकिंग जोन में ट्रीटमेंट कार्य तेज करने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए।
डीएम ने दो टूक कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क पर किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण और सौंदर्यीकरण पर कार्रवाई
राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की समीक्षा करते हुए बाजार क्षेत्रों में अवैध कब्जों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के आदेश दिए गए। साथ ही चट्टानों में फंसे पत्थरों को हटाने, पैचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा गया। जिन कार्यों के लिए शासन स्तर से बजट की आवश्यकता है, उनकी रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
डीएम ने यात्रा मार्ग पर स्थायी व मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और प्रमुख स्थलों पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए।
सीतापुर पार्किंग का निरीक्षण कर शटल सेवा, मैकेनिक, कैंटीन, शौचालय और पुलिस चेकपोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं गौरीकुंड स्थित तप्तकुंड में यात्रियों के लिए चेंजिंग रूम, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंध दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। पैदल मार्ग पर बैरिकेडिंग और विश्राम स्थलों पर बेंच लगाने के भी आदेश दिए गए।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
डीएम विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन केदारनाथ यात्रा 2026 को “ग्रीन, स्वच्छ और सुव्यवस्थित” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। तय डेडलाइन के भीतर कार्य पूरा न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







