देहरादून: शहर के निरंजनपुर सब्जी मंडी में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से मंडी की तीन दुकानों में रखा फल-सब्जी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय मंडी की एक दुकान की छत पर लगे थर्माकॉल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग नीचे रखे बोरों में मौजूद सूखे नारियल तक पहुंच गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए पास की दो अन्य दुकानों तक पहुंच गईं, जिससे पूरा क्षेत्र धुएं और आग की लपटों से भर गया।
घटना के समय दुकान के अंदर मालिक और मुनीम मौजूद थे। आग भड़कने से दोनों अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जलती दुकान के अंदर फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीन दुकानों में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। आग की चपेट में आने से आसपास की दो अन्य दुकानें भी आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं।
चंद्रभान अधिकारी, कोतवाली पटेल नगर प्रभारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। समय रहते दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि मंडी में A1 रिंकू शंकर, B2 इंदर कुमार माटा और A2 मोहम्मद असगर की दुकानों में आग लगी है।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।







