देहरादून: राजधानी देहरादून में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते दिन एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर तांडव मचा दिया। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला में सोमवार शाम मार्बल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में स्कूटी सवार एक युवती और ट्रक चालक घायल हो गए। घटना का रूह कंपा देने वाला सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक अनियंत्रित होकर पलटता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम सहारनपुर से मार्बल लेकर एक बड़ा ट्रक देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास अचानक ट्रक का आगे का एक टायर फट गया, जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। इसी दौरान स्कूटी सवार युवती अंजलि, निवासी कमल विहार बंजारा वाला, ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में ट्रक चालक फैजल, निवासी जिला अलवर (राजस्थान) भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।
हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। पलटे हुए ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात फिर से सुचारू हो पाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहब्बेवाला क्षेत्र में यह पिछले पांच महीनों में चौथी बड़ी दुर्घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। इससे पहले 18 फरवरी को मोहब्बेवाला चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक कार पर पलट गया था, जिससे कार में भीषण आग लग गई थी। हालांकि आग लगने से पहले ही कार सवार सुरक्षित बाहर निकल गए थे। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था।
वहीं 5 दिसंबर 2025 को मोहंड की ओर से आ रहा सीमेंट से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर छह वाहनों से टकरा गया था और खुद सड़क किनारे नाले में पलट गया था। उस हादसे में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके अलावा 14 अक्टूबर 2025 को भी इसी क्षेत्र में एक ट्रक मकान के अंदर घुस गया था, जिसमें घर के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। उस समय मुआवजे की मांग को लेकर महिलाओं ने ट्रक में आग लगाने का प्रयास भी किया था।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था और उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और परिवहन विभाग से भी इस संबंध में बातचीत की जाएगी।







