राजधानी देहरादून में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत शिखरफाल के पास एक थार वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने वाहन में फंसे एक युवक और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, वाहन में सवार एक अन्य युवक वाहन के नीचे दब गया, जिसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों के बावजूद खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान पता चला कि वाहन अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थिति में चट्टानों के बीच फंसा हुआ है।
मृतक युवक की पहचान पिथौरागढ़ निवासी मोहित के रूप में हुई है, जो वाहन के नीचे दब गया था। वहीं घायल युवक-युवती की पहचान 24 वर्षीय भार्गव शर्मा निवासी पंडितवाड़ी और 24 वर्षीय दिशा रावल निवासी प्रेमनगर के रूप में हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने देहरादून से क्रेन मंगवाई, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







