देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी खुद सीएम धामी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की, साथ ही मुलाकात की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया और उन्हें टिहरी स्थित मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बदरी गाय का घी, विभिन्न जिलों की पांच प्रकार की राजमा और शहद भेंट किए।
कुंभ 2027 और विकास परियोजनाओं पर चर्चा
सीएम धामी ने हरिद्वार कुंभ 2027 के आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के तहत फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति समेत कई योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
इसके साथ ही उन्होंने ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए भी आभार जताया।
उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। चोपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों में इस दिशा में काम चल रहा है। रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं।
पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा
सीएम धामी ने बताया कि शीतकालीन यात्रा शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। आदि कैलाश यात्रा में 2022 के मुकाबले 2025 में श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना इजाफा हुआ है। साथ ही रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और कयाकिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
रोजगार और लोकल उत्पादों पर फोकस
राज्य में “वोकल फॉर लोकल” के तहत हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा एक जिला-एक मेला, क्लस्टर विद्यालय योजना और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी गई।
बड़ी कनेक्टिविटी परियोजनाओं की मांग
सीएम धामी ने दिल्ली-मेरठ RRTS परियोजना को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने का अनुरोध किया। साथ ही दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा और उत्तराखंड में रक्षा उपकरण निर्माण हब स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा।
रेल परियोजनाओं को लेकर उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के कार्यों में तेजी, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण पर जोर दिया।
पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में प्रस्तावित परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए आमंत्रित किया। इसमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण शामिल है, जबकि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट का शिलान्यास प्रस्तावित है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और योजनाओं पर जोर
सीएम धामी ने बताया कि राज्य में 6000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं और “Uttarastays” पोर्टल के जरिए इन्हें बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और उद्यमशाला योजना के तहत हजारों लोगों को रोजगार मिला है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व अग्निवीरों को राज्य सेवाओं में 10% आरक्षण देने के लिए नियमावली लागू की गई है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए कई सुधार किए गए हैं।
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री धामी और प्रधानमंत्री मोदी की यह मुलाकात उत्तराखंड के विकास, कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।






