दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब उत्तराखंड कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करते हुए 6 दिग्गज नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। इन नेताओं में 3 पूर्व विधायक, एक पूर्व महापौर और एक पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शामिल हैं। सभी नेताओं की औपचारिक ज्वाइनिंग दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करवाई गई।
इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार ने दल-बदल के डर से जल्दबाजी में कैबिनेट विस्तार किया। उनका कहना था कि बीजेपी को पहले ही संकेत मिल गए थे कि कई नेता कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं, ऐसे में पार्टी को नुकसान से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया।
कुमारी शैलजा ने राज्य की कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों का भरोसा बीजेपी सरकार से उठ चुका है और भ्रष्टाचार व अव्यवस्था चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे जनता में आक्रोश है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अब पहले से ज्यादा मजबूत और संगठित हो रही है। पार्टी आम जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और प्रदेश में बदलाव लाएगी।
कुमारी शैलजा ने यह भी कहा कि कांग्रेस में नया उत्साह देखने को मिल रहा है और जमीनी स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में और भी बड़े नेता कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं, जिससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी।






