हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, सर्व प्रिया विहार सतीकुंड निवासी युवक का शव स्थानीय लोगों ने सतीकुंड के पास एक बाग में संदिग्ध हालत में पड़ा देखा. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां से नशे में इस्तेमाल होने वाले कई इंजेक्शन बरामद किए गए.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवक शुक्रवार शाम को अपने एक दोस्त के साथ था. दोनों ने पहले गांजे की बीड़ी पी थी. इसके बाद मृतक अपने दोस्त की स्कूटी लेकर वहां से चला गया, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा. अगले दिन जब दोस्त ने स्कूटी के बारे में पूछताछ की तो वह युवक को तलाशने निकला. इस दौरान सतीकुंड के पास सड़क किनारे स्कूटी खड़ी मिली. पास की झाड़ियों में तलाश करने पर युवक मृत अवस्था में मिला.
पुलिस के अनुसार, मौके से बरामद इंजेक्शनों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला नशे की ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
बताया जा रहा है कि मृतक शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं. पुलिस मृतक के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है.






