सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में स्कूलों में मैजिकल शो के नाम पर अभिभावकों से धनराशि वसूले जाने के मामले को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में मैजिकल शो के आयोजन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही इस मामले में लापरवाही पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
दरअसल, 24 मार्च को अपर जिलाधिकारी की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी को एक पत्र जारी किया गया था। इसमें हरियाणा के एक जादूगर द्वारा एक संस्था की सहायता के लिए जिले के स्कूलों में मैजिक शो आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी। मुख्य शिक्षा अधिकारी के अनुसार, इस पत्र के आधार पर स्कूलों को स्वेच्छा से मैजिक शो कराने के निर्देश दिए गए थे। इन कार्यक्रमों में बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, नशे के दुष्प्रभाव और अंधविश्वास के खिलाफ संदेश देने की बात कही गई थी।
हालांकि, जब इस आयोजन के नाम पर अभिभावकों से पैसे लिए जाने की जानकारी सामने आई, तो जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी मैजिकल शो तत्काल बंद किए जाएं।
डीएम ने कहा कि स्कूलों में होने वाली गतिविधियां विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक और मानसिक विकास के अनुरूप होनी चाहिए। बच्चों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों में संचालित गतिविधियों की सख्त निगरानी के निर्देश भी दिए हैं।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की कोई भी गतिविधि पाई गई तो संबंधित स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम के इस फैसले का विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है। आदेश के बाद जिले के सभी स्कूलों में मैजिकल शो पर पूरी तरह रोक लग गई है।






