हरिद्वार जिले के रुड़की में एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना बीएसएम डिग्री कॉलेज के पास की बताई जा रही है, जहां आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान तक उठती नजर आईं. मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. फायर ब्रिगेड ने मोटर फायर इंजन और होज पाइप के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन दुकान में रखी ज्वलनशील सामग्री, खासकर इंजन ऑयल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुसने की कोशिश की. जब आग पर काबू पाना मुश्किल हुआ तो टीम ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का प्रयास किया. कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया जा सका.
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है.
बता दें कि हाल ही में रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी. लगातार आग की घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं और प्रशासन से सुरक्षा उपायों को लेकर सख्ती की मांग कर रहे हैं.






