नैनीताल: चंद्रग्रहण 2025 के सूतक के चलते विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम, नैना देवी मंदिर समेत सभी छोटे बड़े मंदिर के कपाट कल तक के लिए बंद कर दिए हैं. चंद्रग्रहण का सूतक काल खत्म होने के बाद मंदिर प्रांगण को गंगा जल से शुद्ध किया जाएगा. फिर तमाम मंदिरों के कपाट कल सोमवार को भक्तों के दर्शन के लिए खोले जाएंगे.
नैनीताल के तमाम मंदिरों के कपाट कर दिए गए बंद: बता दें कि साल के अंतिम चंद्रग्रहण के चलते रविवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम, नैना देवी मंदिर, हनुमानगढ़ समेत नैनीताल के सभी मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए हैं. इस दौरान भक्तों ने मंदिर के बाहर गेट पर माथा टेका. चंद्रग्रहण से पहले भक्तों ने मंदिर के बाहर एकत्र होकर पूजा-अर्चना की.

सूतक काल खत्म होने के बाद शुद्धिकरण कर खोले जाएंगे कपाट: नयना (नैना) देवी मंदिर में पुजारी हरीश पंत ने बताया रात दो बजे तक ग्रहण का प्रभाव रहेगा. नैनीताल में नैना देवी मंदिर के अलावा पाषाण देवी मंदिर, गोलू देवता मंदिर, शनि मंदिर, शिव मंदिर समेत हनुमानगढ़ मंदिर के कपाट भक्तों के लिए 12 बजकर 45 मिनट के बाद से बंद कर दिए गए. सूतक काल खत्म होने के बाद मंदिरों के शुद्धिकरण के बाद भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे.
वहीं, चंद्रग्रहण के चलते नैनीताल के अलावा आसपास के मंदिरों खासकर प्रमुख न्याय के देवता के मंदिर घोड़ाखाल, गंगनाथ मंदिर, शनि मंदिर, बाबा नीम करौली की ओर से स्थापित हनुमानगढ़ मंदिर से लेकर अन्य सभी छोटे बड़े मंदिरों को कल तक के लिए बंद कर दिया गया है.
“सूतक काल में मंदिर में पूजा पाठ करना भगवान की मूर्तियों को छूना वर्जित माना जाता है. जिसको देखते हुए मंदिर के कपाट बंद किए गए हैं. इस दौरान किसी भी प्रकार की पूजा अर्चना मंदिर में प्रतिबंधित रहेगी. सूतक काल समाप्त होने के बाद मंदिर को गंगाजल से मंदिर प्रांगण को धोया जाएगा. इसके बाद मंदिर के कपाट भक्तों के दर्शन के लिए खोले जाएंगे.“- पंडित हरीश पंत, पुजारी, नैना देवी मंदिर, नैनीताल
चंद्रग्रहण का समय: बता दें कि आज साल 2025 का दूसरा और आखिरी चंद्रग्रहण (Lunar Eclipse) है. यह चंद्रग्रहण रात 9 बजकर 57 मिनट पर शुरू होगा और मध्य रात्रि के ठीक बाद 1 बजकर 26 मिनट पर समाप्त होगा. उधर, चंद्रग्रहण के चलते विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर होने वाली संध्या कालीन गंगा आरती भी दोपहर में ही कर दी गई.







