देहरादून। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती विशेष सत्र में राष्ट्र की प्रथम नागरिक ने विधानसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पिछले ढाई दशकों में उत्तराखंड की प्रगति, खासकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने अपने साहस, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पर्वतीय जीवन की चुनौतियों के बावजूद राज्य की महिलाएं समाज और परिवार की धुरी बनी हुई हैं।
राष्ट्रपति ने सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्वावलंबन और सुरक्षा से जुड़े महिला कल्याण कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विकास की और बड़ी ऊंचाइयों को छुएगा।
विशेष सत्र के दौरान विधानसभा भवन को आकर्षक रोशनी और सांस्कृतिक झलकियों से सजाया गया। राज्य सरकार इस ऐतिहासिक पल को जनभागीदारी के साथ बड़े पैमाने पर मना रही है।







