देहरादून: 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 10:30 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पश्चात विभिन्न विभागों की ओर से तैयार की गई आकर्षक झांकियों की प्रदर्शनी निकाली गई, जिनमें संबंधित विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रदर्शित किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से ‘रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’ विषय पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसके बाद डीजीपी समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। परेड में सेना दल की श्रेणी में सीआरपीएफ प्लाटून को प्रथम, आईटीबीपी प्लाटून को द्वितीय तथा डोगरा रेजिमेंट प्लाटून को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं झांकी प्रतियोगिता में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को पहला, संस्कृत शिक्षा विभाग को दूसरा और विद्यालयी शिक्षा विभाग को तीसरा स्थान दिया गया। उल्लेखनीय है कि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की झांकी को लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान मिला है।
गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर राज्यपाल ने सचिवालय के चार अधिकारियों और छह पुलिस कर्मियों को राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। सचिवालय से डॉ. नीरज सिंघल, सहायक निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास, प्रभाग अधिकारी आलोक कुमार सिंह और समीक्षा अधिकारी राकेश सिंह असवाल को सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अलावा जिन पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया, उनमें निरीक्षक नागरिक पुलिस एसटीएफ देहरादून यशपाल सिंह, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एसटीएफ देहरादून नरोत्तम बिष्ट, आरक्षी 21 नागरिक पुलिस एसटीएफ देहरादून देवेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी एसटीएफ कुमाऊं भूपेंद्र सिंह मर्तोलिया, अपर उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस पौड़ी गढ़वाल सुनील कुमार और मुख्य आरक्षी 114 नागरिक पुलिस देहरादून सुनील रावत शामिल हैं।
इस वर्ष सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की झांकी राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती थीम पर आधारित रही, जिसमें राज्य की आर्थिक विकास दर, योग, आयुर्वेद और पर्यटन जैसे प्रमुख आर्थिक स्तंभों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। कार्यक्रम के समापन पर महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग बंशीधर तिवारी ने कहा कि लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त करना विभाग के लिए गर्व की बात है और यह टीम के समर्पण व रचनात्मक प्रयासों का परिणाम है।







