खटीमा: उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में दमगड़ा तलवार फार्म की करीब सवा सौ एकड़ भूमि पर खड़ी फसलों को जोतने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस प्रकरण को लेकर क्षेत्रीय विधायक और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी ने मोर्चा खोलते हुए सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की मांग की है. विधायक कापड़ी ने पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित किसान परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.
विधायक भुवन कापड़ी का आरोप है कि खटीमा तहसील क्षेत्र के ग्राम बगुलिया, दमगड़ा और खालीमहुवट में एसडीएम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की किरन तलवार की लगभग 125 एकड़ भूमि पर खड़ी गेहूं, गन्ना, लाई और मटर की फसलों को जबरन रौंद दिया गया. उन्होंने कहा कि बिना किसी वैधानिक या न्यायालय के आदेश के दर्जनों बिना नंबर के ट्रैक्टरों से फसलों को नष्ट कर भूमाफियाओं को कब्जा दिलाया गया.
कानून व्यवस्था और किसान हितों पर सवाल
विधायक कापड़ी ने इस घटना को अत्यंत गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्रत्यक्ष मौजूदगी में करीब 30 से अधिक ट्रैक्टरों के जरिए 125 एकड़ कृषि भूमि को जबरन जोत दिया गया, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत मिट्टी में मिल गई. उनका कहना है कि यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि किसान हितों और शहीद परिवारों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाती है.
60 वर्षों से काबिज था शहीद परिवार
विधायक ने बताया कि आजादी के बाद से लगभग 60 वर्षों से यह भूमि शहीद परिवार के कब्जे में रही है. उस दौर में जब लोग इस क्षेत्र में आने से डरते थे, तब इस परिवार ने खेती कर न केवल देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दिया, बल्कि करीब 500 से अधिक लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया. ऐसे में प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.
एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं
भुवन कापड़ी ने आरोप लगाया कि घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी भी दोषी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री के आवास से कुछ ही दूरी पर, उनकी ग्राम सभा से सटे क्षेत्र में हुई है, जिससे प्रदेश के किसानों और आम नागरिकों का शासन-प्रशासन से भरोसा डगमगा रहा है.
विधायक ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित किसान परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है. साथ ही उन्होंने जल्द ही मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मुलाकात कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात भी कही है.
व्यापार मंडल चुनाव को लेकर भी उठाए सवाल
इसी दौरान विधायक भुवन कापड़ी ने खटीमा में हुए व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना के दौरान हुए हंगामे और मतगणना स्थगित होने को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की संभावित हार को देखते हुए बाहरी लोगों द्वारा जानबूझकर हंगामा कराया गया. विधायक ने प्रशासन से मांग की कि स्थगित मतगणना को जल्द पुनः शुरू कर व्यापार मंडल चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएं. इस मुद्दे को लेकर खटीमा में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं.







