हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चंडीघाट चौकी पर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, चंडीघाट चौकी क्षेत्र में श्यामपुर कांगड़ी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय स्कूटी सवार प्रवेश, निवासी चंडीघाट बस्ती (हाल पता कांगड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रवेश अपनी पत्नी को कांगड़ी छोड़ने के बाद हरिद्वार की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार सवारों ने अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि कार सवार युवक नशे में थे और घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और चंडीघाट बस्ती के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंडीघाट चौकी का घेराव कर दिया। पुलिस के समझाने के बावजूद जब भीड़ शांत नहीं हुई तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव और तोड़फोड़ की भी खबर सामने आई है।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी कार सवार चार युवकों को हिरासत में ले लिया है और वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। श्यामपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और हालात नियंत्रण में हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।






