देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडरों को लेकर पैनिक की स्थिति बनी हुई है। खाड़ी देशों में जारी तनाव के चलते सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी में जुट गए हैं। हालांकि पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते ऐसे मंसूबों पर लगातार पानी फेरा जा रहा है।
इसी कड़ी में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की क्षेत्र से 101 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई साउथ सिविल लाइंस इलाके में छापेमारी के दौरान की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था।
बरामद सभी सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया के बाद खाद्य पूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि अधिकांश सिलेंडर इंद्रा गैस कंपनी के हैं।
जानकारी के अनुसार, डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर एसएसपी STF अजय सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ की टीमें पेशेवर अपराधियों, असामाजिक तत्वों और गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं।
एसएसपी STF अजय सिंह ने बताया कि गैस की कमी की अफवाहों के बीच कुछ लोग घरेलू सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर उन्हें होटल और ढाबों में ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर STF ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर यह बड़ी कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान सामने आया कि साउथ सिविल लाइंस निवासी जयवीर के घर में इन सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था। हालांकि, छापेमारी के वक्त आरोपी मौके पर मौजूद नहीं मिला।
फिलहाल खाद्य आपूर्ति विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।







