उत्तरकाशी:जनपद के डुंडा तहसील अंतर्गत जुणगा गांव के डांगडा तोक में रविवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा आवासीय मकान उसकी चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोग झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल उत्तरकाशी में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मखाल चौकी पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घर का सारा सामान जलकर राख:
ग्राम प्रधान अनिल भंडारी के अनुसार, आग की इस घटना में मकान के भीतर रखा खाद्यान्न, घरेलू सामान समेत सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। यह मकान अनिल सिंह भंडारी और महेश सिंह भंडारी का बताया जा रहा है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
दो लोग झुलसे, अस्पताल में भर्ती:
आग की चपेट में आने से सुमेर सिंह भंडारी और प्रमिला देवी झुलस गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कारणों की जांच जारी:
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शरदुल गुसाईं ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवार को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुआवजे की मांग:
ग्राम प्रधान ने प्रशासन से अग्निपीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस कठिन समय में फिर से अपना जीवन पटरी पर ला सकें।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं:
गौरतलब है कि उत्तरकाशी जिले में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। इससे पहले मोरी ब्लॉक और आराकोट क्षेत्र के कई गांवों में भी अग्निकांड में मकान, गोशालाएं और पशुधन जलकर नष्ट हो चुके हैं।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।







