Rudrapur: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन और आम जनता दोनों को झकझोर कर रख दिया है. साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने एक दरोगा को कार के बोनट पर कई किलोमीटर तक घसीटा और बाद में सड़क पर फेंक दिया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
जानकारी के अनुसार मामला Dineshpur थाना क्षेत्र का है. हरियाणा में दर्ज एक साइबर अपराध मामले की जांच करते हुए हरियाणा पुलिस की साइबर टीम दिनेशपुर पहुंची थी. जांच में साइबर ठगी के तार दिनेशपुर क्षेत्र से जुड़े पाए गए थे, जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्धों के घर पर दबिश दी.
एफआईआर के मुताबिक हरियाणा पुलिस के एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ आरोपियों की तलाश में पहुंचे थे. पुलिस टीम जब संदिग्ध भारत नामक युवक के घर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. इसी दौरान कुछ युवक मौके पर इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
बताया जा रहा है कि तभी एक कार मौके पर पहुंची, जिसमें आरोपी सवार थे. एएसआई प्रेम कुमार ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार में दौड़ा दी. खुद को बचाने के लिए एएसआई वाहन के बोनट को पकड़कर लटक गए, लेकिन आरोपियों ने रफ्तार और बढ़ा दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दरोगा को करीब चार से पांच किलोमीटर तक बोनट पर घसीटा गया. इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई और धमकियां दी गईं. बाद में चलती गाड़ी से उन्हें नीचे फेंक दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. रविंद्र बिष्ट ने बताया कि हरियाणा पुलिस के साथ हुई इस घटना को लेकर विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस का मानना है कि साइबर अपराधियों का यह नेटवर्क काफी सक्रिय और संगठित है.
इस घटना ने कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस तरह से पुलिस टीम पर हमला किया गया, उसे कानून व्यवस्था तंत्र को खुली चुनौती माना जा रहा है. अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक इन हमलावरों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाता है.







