हल्द्वानी: नैनीताल जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव के असर को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग क्षेत्र के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 22 मई 2026 से अगले आदेश तक इन क्षेत्रों के स्कूल अब सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों को इस आदेश से बाहर रखा गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर लिया गया फैसला
यह आदेश जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और स्कूल संचालकों को नई समय-सारिणी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सुबह होगी प्रार्थना सभा
नई व्यवस्था के अनुसार विद्यालयों में प्रार्थना सभा सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर आयोजित की जाएगी, जबकि नियमित कक्षाएं सुबह 7 बजे से शुरू होकर 11:30 बजे तक संचालित होंगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि दिन चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे विशेष रूप से छोटे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सुबह के समय स्कूल संचालन से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
अभिभावकों ने किया फैसले का स्वागत
स्कूल समय में बदलाव के फैसले का अभिभावकों ने भी स्वागत किया है। उनका कहना है कि दोपहर की तेज धूप और गर्म हवाओं से बच्चों को बचाने के लिए यह निर्णय बेहद जरूरी था।
वहीं मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिसके बाद प्रशासन लगातार एहतियाती कदम उठा रहा है।







