चमोली: गैरसैंण विकासखंड के देवपुरी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछले छह दिनों से लापता चल रहे व्यक्ति का शव घर से महज 300 मीटर दूर खनसर नदी में तैरता हुआ मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक के एक हाथ और दोनों पैर बंधे हुए थे। इसके अलावा सिर और आंख पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है।
पहले भी कई बार की गई थी तलाश
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां पिछले छह दिनों के दौरान कई बार खोजबीन की जा चुकी थी। ऐसे में अब उसी इलाके में शव मिलने से लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मौके से मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल और पानी की बोतल भी बरामद हुई है।
18 मई से लापता था राजेंद्र सिंह
बताया जा रहा है कि देवपुरी गांव के चिनुड़ीछानी तोक निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र सिंह 18 मई की सुबह घर से काम पर निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने शुरुआती स्तर पर खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम की मदद से ग्रामीणों के साथ दो दिनों तक पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया था, लेकिन उस समय कोई सफलता नहीं मिली।
शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप
शनिवार को ग्रामीणों ने खनसर नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि शव लापता राजेंद्र सिंह का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मनोज सिरौला ने जिले से फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट बुलाने की मांग की। साथ ही जरूरत पड़ने पर डॉग स्क्वायड की अतिरिक्त मदद लेने की बात भी कही गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर श्रीनगर से फॉरेंसिक टीम और गोपेश्वर से फील्ड यूनिट को मौके पर भेजा गया।
कोतवाल मनोज सिरौला ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासा करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।







