उधम सिंह नगर जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है. इसी क्रम में आवास विकास चौकी पुलिस ने नैनीताल हाईवे स्थित विधायक कार्यालय के पास हंगामा और मारपीट कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है. वहीं दूसरी ओर नैनीताल पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पॉक्सो मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद भर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत 24 मई को चौकी आवास विकास पुलिस क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नैनीताल हाईवे पर विधायक कार्यालय के समीप कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चार व्यक्ति आपस में मारपीट और पत्थरबाजी करते मिले. हंगामे के चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों में भय का वातावरण पैदा हो गया. पुलिसकर्मियों ने पहले सभी को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार हंगामा करते रहे. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार, कृपाल सिंह, रामपाल और अर्पित पांडे के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगड़ सकती थी. पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
वहीं दूसरी ओर नैनीताल पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पॉक्सो मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पिछले करीब दो महीने से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था. काठगोदाम पुलिस और एसओजी टीम ने तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को मुखानी क्षेत्र से दबोचा.
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, कांस्टेबल चंदन सिंह और कांस्टेबल सीपी दिनेश धपोला की अहम भूमिका रही. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.







