हल्द्वानी: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद हल्द्वानी पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया. भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया. शहर के कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.
पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित होने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे भगत सिंह कोश्यारी ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जनता का सम्मान है.
भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उन्हें जीवनभर प्रदेश की जनता का प्यार और आशीर्वाद मिला है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है. उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा है और आगे भी वह जनहित के कार्यों में सक्रिय रहेंगे.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का सपना उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है और इसके लिए सभी लोगों को मिलकर कार्य करना होगा. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
हल्द्वानी में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान मिलने पर खुशी जताई और इसे पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण बताया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
गौरतलब है कि 25 मई को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था. इसके बाद प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच खुशी का माहौल है और विभिन्न स्थानों पर उनका सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है.
भगत सिंह कोश्यारी लंबे समय से संगठन और राजनीति में सक्रिय रहे हैं. उन्होंने संगठन, विचारधारा और जनसंवाद के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई और पार्टी के शीर्ष पदों तक पहुंचे. उत्तराखंड की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है.







