रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों से अवैध वसूली और ओवररेटिंग करने वाले घोड़ा हॉकर्स के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस की तत्परता से मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के हजारों रुपये वापस करवाए गए हैं. साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले हॉकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है.
जानकारी के अनुसार नरसिंहपुर करेली और इंदौर (मध्य प्रदेश) से आए श्रद्धालु दिनेश विश्वकर्मा, राकेश पटेल, दीपक राय, निर्मला, संगीता गाडेकर और मालिनी रखूंदे श्री केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचे थे. गौरीकुंड क्षेत्र में कुछ घोड़ा हॉकर्स ने इन यात्रियों से 6 घोड़ों के लिए करीब 39,500 रुपये वसूल लिए. इतना ही नहीं, यात्रियों को जिला पंचायत की कोई अधिकृत पर्ची भी उपलब्ध नहीं कराई गई.
मामला उस समय सामने आया जब भीमबली के पास पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. पूछताछ के दौरान यात्रियों ने बताया कि उनसे गौरीकुंड से केदारनाथ तक पहुंचाने के लिए प्रति सवारी 6,500 रुपये लिए गए, जबकि प्रशासन द्वारा निर्धारित सरकारी दर 3,500 रुपये प्रति सवारी तय की गई है.
पुलिस ने जब संबंधित घोड़ा हॉकर्स से लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मांगे तो उनके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला. जांच में यह भी सामने आया कि जिन घोड़ों का उपयोग यात्रियों को ढोने के लिए किया जा रहा था, वे वास्तव में मालवाहक घोड़े थे, जिनका सवारी संचालन में इस्तेमाल किया जा रहा था.
तीर्थयात्रियों के साथ हुई इस धोखाधड़ी पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों का पूरा पैसा वापस करवाया. साथ ही बिना पर्ची संचालन, ओवररेटिंग और नियमों के उल्लंघन पर संबंधित घोड़ा हॉकर्स का 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया.
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं से ठगी, अवैध वसूली और अनधिकृत गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
चारधाम यात्रा मार्ग पर इन दिनों भारी भीड़ के चलते जाम की स्थिति भी लगातार बनी हुई है. धारी देवी से बदरीनाथ धाम तक और केदारनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. जगह-जगह वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. प्रशासन ने यात्रियों से संयम बरतने और यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है.







