हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। शुक्रवार 9 अक्टूबर की रात शिव मंदिर में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए मंच की ओर पत्थर फेंके। अचानक हुई पत्थरबाजी से कलाकारों और दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई और रामलीला का मंचन कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पहले शोर-शराबा, फिर भीड़ के साथ लौटने का आरोप
श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र चौहान की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बहादराबाद के शिव मंदिर में वर्षों से रामलीला का मंचन होता आ रहा है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे कुछ लोग वहां पहुंचे और शोर-शराबा करने लगे।
आरोप है कि समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया। हालांकि, कुछ देर बाद वे करीब 25 से 30 लोगों के साथ दोबारा लौट आए। इसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया गया और रामलीला बंद कराने की धमकी दी गई।
मंच की ओर फेंके पत्थर, दर्शकों में मची अफरा-तफरी
शिकायत के मुताबिक, हंगामे के दौरान भीड़ की ओर से रामलीला मंच की तरफ पत्थर फेंके गए। अचानक हुई पत्थरबाजी से वहां मौजूद कलाकारों और दर्शकों में दहशत फैल गई। इस दौरान महिलाओं समेत कई लोगों को पत्थर लगने से चोटें आने की सूचना है।
घटना के कारण रामलीला का मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को रोकने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद श्रीरामलीला कमेटी ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। समिति ने आगामी धार्मिक आयोजनों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील भी की है।
कमेटी के अनुसार, 12 अक्टूबर को श्रीराम बारात और 19 व 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सामने आए वीडियो के आधार पर हंगामा करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामलीला कमेटी ने आगामी आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग उठाई है, ताकि धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।







