उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच बीजेपी नेता और देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के मसूरी दौरे ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। गामा ने खुलकर मसूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए बीजेपी के टिकट पर अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
मसूरी दौरे के दौरान सुनील उनियाल गामा शहीद स्थल पहुंचे, जहां लंबे समय से धरने पर बैठे पटरी व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों और उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
टिकट मिला तो जीत पक्की का दावा:
सुनील उनियाल गामा ने कहा कि उन्होंने मसूरी सीट के लिए पार्टी से अपनी दावेदारी रखी है और उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी उन पर भरोसा जताएगी। उन्होंने दावा किया कि मसूरी विधानसभा सीट बीजेपी की मजबूत सीट है और यहां से जिसे भी पार्टी टिकट देगी, वह भारी मतों से जीत दर्ज करेगा। गामा ने कहा कि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व का होगा, लेकिन हर कार्यकर्ता को मौका मिलना चाहिए।
गणेश जोशी के सवाल पर जवाब:
मसूरी सीट पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के दावे को लेकर पूछे गए सवाल पर गामा ने स्पष्ट कहा कि यह सीट किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि बीजेपी की सीट है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने ही उन्हें मेयर बनाया और गणेश जोशी को विधायक व मंत्री बनाया है, इसलिए जो भी बीजेपी से चुनाव लड़ेगा, वही जीत हासिल करेगा।
पर्यटन और विकास रहेगा फोकस:
गामा ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद मसूरी में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में शहर की आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि मसूरी-पुरुकुल मार्ग को शुरू करने, वैकल्पिक सड़कों के विकास और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सरकार काम कर रही है।
केंद्र और राज्य सरकार के विजन की सराहना:
गामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मसूरी के विकास को लेकर किए गए जिक्र का हवाला देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पर्यटन नगरी को और व्यवस्थित बनाने के लिए गंभीर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की।
विपक्ष पर निशाना, बीजेपी पर भरोसा:
सुनील उनियाल गामा ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को आरोपों से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि पार्टी मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं के दम पर काम करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में बीजेपी एक बार फिर सरकार बनाएगी।







