नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में वन विभाग और प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। टाइगर मूवमेंट वाले संवेदनशील इलाके में वन भूमि पर कब्जा कर रह रहे परिवारों को हटाया गया, वहीं दूसरी ओर अवैध निर्माण पर भी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया।
रामनगर वन प्रभाग की टीम ने अपर कोसी बीट के भवानीगंज क्षेत्र में छापेमारी कर 10 से 15 परिवारों को हटाया, जो वन भूमि पर अवैध रूप से टेंट लगाकर रह रहे थे। ये सभी परिवार मैदानी इलाकों से आकर यहां बस गए थे और अस्थायी रूप से व्यापार करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन जिस क्षेत्र में ये लोग रह रहे थे, वह टाइगर मूवमेंट के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है, जिससे उनके लिए जान का खतरा भी बना हुआ था।
रेंज अधिकारी शेखर तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना देरी किए सभी टेंट हटवाकर अतिक्रमण समाप्त कराया गया। साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने साफ कहा कि वन भूमि पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, खासकर उन क्षेत्रों में जहां वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और वन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है।
वहीं दूसरी ओर रामनगर के ढिकुली क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ भी जिला विकास प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया है। यहां बरसाती नाले पर कब्जा कर एक भवन का निर्माण किया जा रहा था, जिसकी शिकायत पहले भी सामने आ चुकी थी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य नियमों के विरुद्ध पाया गया, जिसके बाद उसे रोकने के निर्देश दिए गए थे और चालान भी किया गया था।
इसके बावजूद देर रात निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया। सूचना मिलते ही एसडीएम गोपाल सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया। इसके बाद जिला विकास प्राधिकरण की टीम ने निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया।
प्रशासन की इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि रामनगर क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ अब सख्ती से निपटा जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







