देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स को ‘वन क्लिक’ के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
जारी की गई पेंशन राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं। इस पहल से राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिली है।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर उनकी पात्रता से संबंधित सभी औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आय मानकों को व्यावहारिक बनाया जाए और विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने विभाग को नवाचार अपनाने और बेहतर कार्यप्रणालियों को अन्य विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पेंशनर्स से संवाद के लिए कॉल सेंटर की व्यवस्था विकसित करने की बात भी कही, जिससे बुजुर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में समाज कल्याण विभाग पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार की इस पहल को सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे लाखों लाभार्थियों को सीधा आर्थिक संबल मिला है।







