देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। एचडीएफसी बैंक ने अपनी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत राज्य को चार अत्याधुनिक एंबुलेंस समर्पित की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से इन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पहले चरण में ये चारों एंबुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। राज्य सरकार ने इसे पर्वतीय क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सबसे बड़ी चुनौती होती है और ऐसे में निजी संस्थाओं का सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सीएम धामी ने एचडीएफसी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस ये एंबुलेंस जरूरतमंद लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं अत्यंत उपयोगी साबित होंगी। साथ ही उन्होंने भविष्य में राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों और आगामी हरिद्वार कुंभ मेले के लिए भी एचडीएफसी बैंक से सीएसआर के तहत अतिरिक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
वहीं बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन एंबुलेंस में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और आवश्यक आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। खास बात यह है कि आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एंबुलेंस में डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी एचडीएफसी बैंक की ओर से की जाएगी।
राज्य सरकार और निजी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह पहल लोगों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आई है।







