चमोली: उत्तराखंड में फायर सीजन के दौरान जंगलों में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जंगलों से उठती आग की लपटें और धुएं के गुबार अब वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ा रहे हैं। कई स्थानों पर आग रिहायशी इलाकों के बेहद करीब पहुंच रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ऐसा ही मामला चमोली जनपद के थराली विकासखंड से सामने आया है, जहां जंगल में लगी भीषण आग तेजी से फैलते हुए आवासीय बस्ती के करीब पहुंच गई। हालांकि वन विभाग और ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
तेज आंधी के बीच भड़की आग
जानकारी के अनुसार, थराली विकासखंड के लोल्टी गांव स्थित चकोरिधार तोक के पास अचानक जंगल और घास के क्षेत्र में आग लग गई। तेज आंधी और सूखे जंगलों के कारण आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही देर में बस्ती की ओर बढ़ने लगी।
आग की भयावह लपटों को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
वन विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। तेज हवा के चलते आग लगातार फैल रही थी, जिससे आसपास के लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा नुकसान और जनहानि हो सकती थी।
लोगों में दिखा डर का माहौल
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि कई लोग डर के कारण चिल्लाने लगे थे। हालांकि वन विभाग और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
अलर्ट मोड पर वन विभाग
प्रदेश में लगातार सामने आ रही वनाग्नि की घटनाओं के बाद वन विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विभागीय टीमें सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट रही हैं।
वहीं जंगलों में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं के कारण क्षेत्र में गर्मी की तपिश भी बढ़ गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।







